एटा: मुठभेड़ में ढेर हुआ एक लाख का इनामी बदमाश, साथी फरार; एक पुलिसकर्मी घायल
उप्र के एटा जनपद के अलीगंज में सर्राफा कारोबारी से लाखों रुपये की लूट की वारदात को अंजाम देने के आरोपी एक लाख रुपये के इनामी बदमाश बिरेंद्र को मंगलवार शाम पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया।
एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट
एटा/जनमत न्यूज़। उप्र के एटा जनपद के अलीगंज में सर्राफा कारोबारी से लाखों रुपये की लूट की वारदात को अंजाम देने के आरोपी एक लाख रुपये के इनामी बदमाश बिरेंद्र को मंगलवार शाम पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया।
मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। शातिर बदमाश बिरेंद्र पर 53 मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस के मुताबिक, वह शातिर अपराधी था वहीं पुलिस उसके फरार साथी की तलाश में पुलिस जुटी है। अलीगंज के मेवाती मोहल्ले में 22 तारीख को मां सरस्वती ज्वेलर्स के नाम से सर्राफा कारोबारी संजय यादव के साथ लाखों की लूट की वारदात हुई थी।
बदमाशों ने कारोबारी से करीब 10 किलो चांदी, 250 ग्राम सोना और एक लाख रुपये नकद लूट लिए थे। लूट की बड़ी वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस के मुताबिक, बिरेंद्र ने 21 अक्टूबर को उन्नाव में बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोप है कि इसी बाइक का इस्तेमाल अगले दिन 22 तारीख को अलीगंज के मेवाती मोहल्ले में सर्राफा कारोबारी से लूट की घटना में किया गया।
घटना के बाद एडीजी आगरा जोन इस के भगत ने बीरेन्द्र पर 25 अक्टूबर को एक लाख का इनाम घोषित किया था। सर्राफा कारोबारी से लूट की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर 6 टीमें लगाई थी।
बिरेंद्र पुत्र गुमान सिंह मूल रूप से मैनपुरी जिले के हरचंदपुर का निवासी था। उसके खिलाफ दर्ज 53 मुकदमों को देखते हुए पुलिस उसे शातिर अपराधी मान रही थी। मुठभेड़ में बिरेंद्र के मारे जाने के बाद अब पुलिस उसके फरार साथी कि तलाश में जुटी है।



