टप्पल सीएचसी में इलाज के दौरान दो पक्षों में फायरिंग, फौजी समेत दो घायल

अस्पताल में इलाज के दौरान हमलावर फिर पहुंचे और पंकज पर जानलेवा फायरिंग कर दी। वहीं दूसरे पक्ष का आरोप है कि फायरिंग पंकज पक्ष की ओर से की गई, जिसमें महेश फौजी को गोली लग गई।

टप्पल सीएचसी में इलाज के दौरान दो पक्षों में फायरिंग, फौजी समेत दो घायल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट —

अलीगढ़ / जनमत न्यूज। अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टप्पल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इलाज के दौरान दो पक्ष आपस में भिड़ गए और फायरिंग हो गई। गोली लगने से महेश फौजी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष का युवक पंकज पंडित भी घायल हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज और जिला मलखान सिंह अस्पताल भेजा गया। महेश फौजी की पीठ में गोली लगने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि पंकज की हालत स्थिर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि पूरा विवाद टप्पल कस्बे के मोहल्ला फाजितपुर में दो पक्षों के बीच पहले हुई मारपीट से जुड़ा है। घायल पंकज के अनुसार उसकी बहन का पड़ोसी महिला से विवाद चल रहा था, जिसके बाद मामला बढ़ गया। आरोप है कि बाद में शेरपुर गांव निवासी राजू अपने साथियों के साथ पहुंचा और पंकज के साथ मारपीट की। घायल अवस्था में पंकज थाने पहुंचा, जहां से उसे मेडिकल जांच के लिए सीएचसी टप्पल भेजा गया।

आरोप है कि अस्पताल में इलाज के दौरान हमलावर फिर पहुंचे और पंकज पर जानलेवा फायरिंग कर दी। वहीं दूसरे पक्ष का आरोप है कि फायरिंग पंकज पक्ष की ओर से की गई, जिसमें महेश फौजी को गोली लग गई।

एसएसपी नीरज जादौन ने बताया कि रात करीब 8:15 बजे दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जिसमें पंकज पंडित और महेश घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।