प्रतापगढ़: पारिवारिक विवाद को सुलझाने गई महिला से मारपीट, सड़क पर घसीटकर पीटने का आरोप

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा कोतवाली क्षेत्र के नई बाजार से मारपीट का एक मामला सामने आया है। आरोप है कि अपनी बेटी की शादी के बाद पारिवारिक विवाद को सुलझाने पहुंची महिला के साथ ही कुछ लोगों ने सड़क पर मारपीट शुरू कर दी।

प्रतापगढ़: पारिवारिक विवाद को सुलझाने गई महिला से मारपीट, सड़क पर घसीटकर पीटने का आरोप
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा कोतवाली क्षेत्र के नई बाजार से मारपीट का एक मामला सामने आया है। आरोप है कि अपनी बेटी की शादी के बाद पारिवारिक विवाद को सुलझाने पहुंची महिला के साथ ही कुछ लोगों ने सड़क पर मारपीट शुरू कर दी।

महिला को कथित तौर पर सड़क पर घसीट-घसीटकर पीटा गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला के साथ मारपीट किए जाने का दृश्य दिखाई देने की बात कही जा रही है।

पीड़ित महिला सुशीला देवी का आरोप है कि उनकी बेटी की शादी पवन जायसवाल से हुई थी और शादी के बाद से करीब सात वर्षों से बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा है। महिला ने दहेज की मांग करने तथा बेटी के साथ मारपीट किए जाने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़िता ने दामाद शिव और मनोज पर भी बेटी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। सुशीला देवी के मुताबिक, वह इसी मामले को लेकर समझाने के लिए पहुंची थीं, तभी विवाद बढ़ गया और उनके साथ मारपीट की गई।

घटना के बाद पीड़ित महिला ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कुंडा थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।