फर्रुखाबाद: 27.49 करोड़ से बना ROB दो साल में ही क्षतिग्रस्त, चार बार हो चुकी है मरम्मत
उप्र के फर्रुखाबाद-कायमगंज-दिल्ली मार्ग पर शुकुरुल्लाहपुर रेलवे क्रासिंग पर दो वर्ष पहले 27.49 करोड़ रुपये से बना रेलवे ओवरब्रिज (ROB) इस वर्ष की पहली बरसात भी नहीं झेल पाया।
फर्रुखाबाद से वरुण दुबे की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज़। उप्र के फर्रुखाबाद-कायमगंज-दिल्ली मार्ग पर शुकुरुल्लाहपुर रेलवे क्रासिंग पर दो वर्ष पहले 27.49 करोड़ रुपये से बना रेलवे ओवरब्रिज (ROB) इस वर्ष की पहली बरसात भी नहीं झेल पाया।
आरओबी का एक ज्वाइंट बुधवार को धंस गया और यातायात रोकना पड़ा। इसे सेतु निगम ने बनवाया है और इसमें शुरुआत से ही खामियां थीं। दो वर्ष में तीन से चार बार मरम्मत हो चुकी है। इसी कारण लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इसे हैंडओवर नहीं लिया था।
आरओबी का जो हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ, है, वह रेलवे के हिस्से में है और उसने मरम्मत शुरू करा दी है। रेलवे ने प्रशासन को 11 जुलाई तक डायवर्जन रखने का पत्र भेजा है। वाहन सवार फर्रुखाबाद से नवाबगंज और मंझना होकर कायमगंज आंएंगे-जाएंगे।
दिल्ली से कायमगंज होकर फर्रुखाबाद आने वाले वाहनों को हजियापुर तिराहे से डायवर्ट कर नवाबगंज से निकाला जा रहा है। वहीं फर्रुखाबाद से कायमगंज व दिल्ली जाने वाले वाहनों को हथियापुर से नवाबगंज होते हुए भेजा गया है।
बुधवार दोपहर वर्षा के दौरान ट्रैक के ऊपर बने ओवरब्रिज का ज्वाइंट करीब चार इंच धंस गया। इससे वहां पर ठोकर बन गई। कुछ जगह सड़क भी धंसी है। इसका कारण ज्वाइंट में गैप में डाले जाने वाला एंगल क्षतिग्रस्त होना बताया गया है। आरओबी का निर्माण सेतु निगम की बांदा इकाई ने 2019 में शुरू कराया था।
वर्ष 2024 में बनकर तैयार होने के बाद सेतु निगम ने इसे पीडब्ल्यूडी को हैंडओवर करने की कार्रवाई शुरू की, लेकिन कई कमियां होने से प्रक्रियां पूरी नहीं हो सकी। इसके बावजूद सेतु निगम ने आरओबी से आवागमन शुरू करा दिया।
सेतु निगम के सहायक अभियंता वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि ट्रैक के ऊपर के हिस्से पर रेलवे ने निर्माण कराया था। उसके रखरखाव की जिम्मेदारी उन्हीं की है। अधिशासी अभियंता राजेंद्र सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने काल रिसीव नहीं की।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि कुछ कमियां होने के कारण आरओबी हैंडओवर नहीं लिया गया। रेलवे के इज्जतनगर मंडल के पीआरओ सफदरै हुसैन ने बताया कि आरओबी क्षतिग्रस्त होने की जानकारी है। इसकी सूचना जिला प्रशासन को दे दी गई है।







