बलिया में "हर-घर तिरंगा अभियान 2025" के तहत भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति गीतों और नारों से गूंजा शहर
जनपद के विभिन्न थानों से निकली इस तिरंगा यात्रा में पुलिसकर्मी, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस मित्र, स्कूली बच्चे, होमगार्ड्स, NCC कैडेट्स, स्काउट-गाइड्स, जनप्रतिनिधि और प्रबुद्धजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

बलिया/जनमत न्यूज। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर "हर-घर तिरंगा अभियान 2025" के तहत आज दिनांक 13 अगस्त 2025 को जनपद बलिया में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह आयोजन पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह के निर्देशन में किया गया, जिसका उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की भावना जागृत करना और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के प्रति सम्मान बढ़ाना था।
जनपद के विभिन्न थानों से निकली इस तिरंगा यात्रा में पुलिसकर्मी, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस मित्र, स्कूली बच्चे, होमगार्ड्स, NCC कैडेट्स, स्काउट-गाइड्स, जनप्रतिनिधि और प्रबुद्धजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा थामे प्रतिभागियों ने फ्लैग मार्च किया, जिसके दौरान देशभक्ति गीतों की मधुर धुनों और "जय हिंद", "वंदे मातरम" जैसे गगनभेदी नारों ने वातावरण को देशप्रेम से सराबोर कर दिया।
तिरंगा यात्रा में जनपद के क्षेत्राधिकारीगण, विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष और अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। "हर-घर तिरंगा अभियान 2025" के तहत जिले में तिरंगा यात्रा और फ्लैग मार्च जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देना है।