नगर पंचायत के विकास कार्यों में भाजपा विधायक द्वारा अड़चन डालने का पूर्व विधायक ने लगाया आरोप
पयागपुर क्षेत्र के सपा के पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव ने भाजपा विधायक सुभाष त्रिपाठी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे नगर पंचायत पयागपुर के विकास कार्यों में जानबूझकर बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।

बहराइच/जनमत न्यूज। पयागपुर क्षेत्र के सपा के पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव ने भाजपा विधायक सुभाष त्रिपाठी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे नगर पंचायत पयागपुर के विकास कार्यों में जानबूझकर बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर विधायक के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।
पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि जब से उनके भाई विपिन श्रीवास्तव नगर पंचायत अध्यक्ष चुने गए हैं, तभी से भाजपा विधायक तरह-तरह के षड्यंत्र रच रहे हैं। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत के अधिकारियों और कर्मचारियों को फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे पिछले तीन वर्षों से नगर पंचायत का विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है और आम जनता परेशान है।
पूर्व विधायक ने कहा कि भाजपा विधायक द्वारा अधिकारियों और कर्मचारियों को काम नहीं करने दिया जा रहा है। विधायक की कथित दबंगई से तंग आकर आज धरना-प्रदर्शन किया गया और ज्ञापन के माध्यम से जनता विरोधी रवैए के खिलाफ कार्यवाही की मांग की गई है।