हरदोई में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक, पुख्ता इंतजाम के दिए निर्देश
वड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को उप्र के हरदोई जनपद के स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को उप्र के हरदोई जनपद के स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ यात्रा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग कराई जाए तथा प्रमुख स्थानों पर दिशा-सूचक (साइनेज) बोर्ड लगाए जाएं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
नगर निकायों को यात्रा मार्गों पर नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण एवं स्वच्छता बनाए रखने तथा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट एवं अधिकारियों की तैनाती करने, प्रशिक्षित गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पुलिस बल की पर्याप्त मौजूदगी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के लिए कहा।
स्वास्थ्य विभाग को यात्रा मार्गों एवं प्रमुख स्थलों पर एम्बुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने, अग्निशमन विभाग को आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने तथा खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को सुरक्षा के प्रत्येक बिंदु पर विशेष ध्यान देने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी भावनाथ पाण्डेय सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




