डीएम ने निर्माणाधीन जिला कारागार का किया निरीक्षण, 15 दिसंबर तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम जिला कारागार का मॉडल देखा, इसके बाद उन्होंने बैरक, रेजिडेंशियल एरिया, हाई सिक्योरिटी बैरक, किचन, पाठशाला, वॉच टावर, गोदाम आदि हिस्सों का गहन निरीक्षण किया।
अमेठी/जनमत न्यूज। जिलाधिकारी संजय चौहान ने मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह के साथ अमेठी में निर्माणाधीन जिला कारागार का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम जिला कारागार का मॉडल देखा, इसके बाद उन्होंने बैरक, रेजिडेंशियल एरिया, हाई सिक्योरिटी बैरक, किचन, पाठशाला, वॉच टावर, गोदाम आदि हिस्सों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने प्रयोग की जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच लैब में जाकर भी की।
डीएम ने कार्यदायी संस्था को 15 दिसंबर तक निर्माण कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए। बताया गया कि यह निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग, क्षेत्र अयोध्या द्वारा कराया जा रहा है। प्रस्तावित जिला कारागार की क्षमता 990 कैदियों की होगी।
कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता ने जानकारी दी कि फिलहाल रेजिडेंशियल एरिया के फिनिशिंग कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।

Janmat News 
