हरदोई के सांडी में आतिशबाज के घर भीषण विस्फोट, दो महिलाएं गंभीर घायल
वर्ष 2012 में भी इसी मकान में विस्फोट की घटना हो चुकी है, जिसमें दो लोगों की जान चली गई थी। एक बार फिर उसी स्थान पर धमाका होने से लोगों में दहशत का माहौल है।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —
हरदोई/जनमत न्यूज। जिले के सांडी कस्बे के मोहल्ला औलादगंज में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक आतिशबाज के घर में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना भीषण था कि आसपास के मकान दहल उठे और क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें विस्फोट की तीव्रता साफ देखी जा सकती है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला औलादगंज निवासी खुर्शीद के घर यह हादसा हुआ। आशंका जताई जा रही है कि पटाखे बनाए जाने के दौरान विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
इस हादसे में साजिया (38) पत्नी दिलशाद और रूबीना (28) पत्नी इरशाद गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्ष 2012 में भी इसी मकान में विस्फोट की घटना हो चुकी है, जिसमें दो लोगों की जान चली गई थी। एक बार फिर उसी स्थान पर धमाका होने से लोगों में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे मामले में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और अन्य वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है। प्रशासन विस्फोट के कारणों की गहन जांच कर रहा है।

Janmat News 
