कुशीनगर: महिला आंगनबाड़ी का प्रदर्शन, संविदा परिषद में शामिल कर न्यूनतम मानदेय 18 हजार करने की मांग
उप्र के कुशीनगर जनपद में मानदेय वृद्धि को लेकर महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं में नाराजगी है।
कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट
कुशीनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के कुशीनगर जनपद में मानदेय वृद्धि को लेकर महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं में नाराजगी है। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री संबोधित जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर संविदा परिषद में शामिल कर के न्यूनतम मानदेय 18 हजार करनें की माँग की।
संघ का कहना है कि शासन की ओर से मानदेय में की गई वृद्धि अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। संगठन ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का न्यूनतम मानदेय 18 हजार रुपए करने और उन्हें संविदा परिषद के अंतर्गत शामिल करने की मांग की है।
इसके अलावा पोषण ट्रैकर में जीपीएस की अनिवार्यता खत्म करने की मांग भी उठाई गई। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जीपीएस के कारण पोषण ट्रैकर चलाने में तकनीकी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष रजिया आगा, जिला संस्थापक जितेंद्र दीक्षित, जिला महामंत्री रेनू राय, प्रदेश उपाध्यक्ष मीरा दुबे समेत संघ के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




