सहारनपुर को मिली 18 हजार लीटर की ‘अग्निशमन ताकत’, SSP ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया फायर टेंडर
उप्र के सहारनपुर जनपद को अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। सहारनपुर को 18,000 लीटर जल क्षमता वाला अत्याधुनिक फायर टेंडर उपलब्ध कराया गया है।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद को अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। सहारनपुर को 18,000 लीटर जल क्षमता वाला अत्याधुनिक फायर टेंडर उपलब्ध कराया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने नवीन फायर टेंडर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नए फायर टेंडर की सबसे बड़ी खासियत इसकी 3,200 लीटर प्रति मिनट पानी प्रक्षेपित करने की क्षमता है।
ऐसे में बड़े अग्निकांड के दौरान आग पर तेजी से काबू पाने और राहत-बचाव कार्य को प्रभावी बनाने में यह वाहन अहम भूमिका निभाएगा। SSP अभिनंदन सिंह ने बताया कि सहारनपुर जैसे औद्योगिक क्षेत्र में इस अत्याधुनिक फायर टेंडर की उपलब्धता अग्निशमन सेवाओं को और अधिक मजबूत करेगी।
उन्होंने कहा कि जनपद में लकड़ी के बड़े कारखाने और औद्योगिक क्षेत्र बड़ी संख्या में हैं, जहां आगजनी की स्थिति में उच्च क्षमता वाले अग्निशमन वाहन की जरूरत होती है। नया फायर टेंडर ऐसी परिस्थितियों में फायर टीम के लिए बेहद मददगार साबित होगा।
उन्होंने कहा कि आधुनिक उपकरण मिलने से फायर सर्विस की क्षमता, कार्यक्षमता और त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ेगी, साथ ही अग्निशमन कर्मियों का मनोबल भी मजबूत होगा।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह के नेतृत्व में फायर सर्विस टीम को आधुनिक संसाधन मिलने से बड़े अग्निकांडों के दौरान जन-धन की सुरक्षा और राहत-बचाव कार्य को और प्रभावी तरीके से अंजाम देने में मदद मिलेगी।
अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी अग्निशमन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए नवीनतम उपकरण और संसाधन उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे।




