हरदोई पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, 40 लाख रुपये कीमत के 220 गुमशुदा मोबाइल बरामद; धारकों को लौटाए

उप्र के हरदोई जिले में गुमशुदा और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर हरदोई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

हरदोई पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, 40 लाख रुपये कीमत के 220 गुमशुदा मोबाइल बरामद; धारकों को लौटाए
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जिले में गुमशुदा और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर हरदोई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बीते तीन माह में सर्विलांस सेल और CEIR पोर्टल की मदद से करीब 40 लाख रुपये कीमत के 220 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को वापस सौंप दिए गए। मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में सर्विलांस सेल द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की सहायता से गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस किया और उन्हें बरामद करने में सफलता हासिल की। मोबाइल फोन बरामद होने के बाद मंगलवार को सभी मोबाइल धारकों को पुलिस कार्यालय हरदोई बुलाया गया।

यहां अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सौंपे। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने हरदोई पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में नागरिकों को तत्काल शिकायत दर्ज कराने के साथ CEIR पोर्टल पर मोबाइल को ब्लॉक/ट्रेस कराने की प्रक्रिया अपनानी चाहिए। इससे गुम हुए मोबाइल की बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है।

हरदोई पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल लाखों रुपये कीमत के मोबाइल उनके मालिकों तक पहुंचे,बल्कि तकनीकी माध्यमों से अपराध नियंत्रण और जनसहयोग की दिशा में भी पुलिस की सक्रियता सामने आई है।