मुजफ्फरनगर: निराश्रित गोवंश संरक्षण को लेकर डीएम सख्त, सभी गौशालाओं में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

उप्र के मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में 26 नवंबर को विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय निराश्रित गोवंश संरक्षण अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।

मुजफ्फरनगर: निराश्रित गोवंश संरक्षण को लेकर डीएम सख्त, सभी गौशालाओं में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट 

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में 26 नवंबर को विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय निराश्रित गोवंश संरक्षण अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में निराश्रित गोवंश के संरक्षण, गौशालाओं की व्यवस्थाओं और पशुओं को सर्दी से बचाने के इंतजामों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में शेष निराश्रित गोवंश को गौशालाओं में संरक्षित कराया जाए।

जिन गौशालाओं में निर्धारित क्षमता से कम गोवंश हैं, वहां अन्य गौशालाओं से गोवंश स्थानांतरित कर क्षमता के अनुरूप संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी गौशालाओं में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने वीबीजी रामजी योजना के अंतर्गत गौशालाओं में अतिरिक्त सड़क निर्माण, चरही एवं भंडार गृह सहित अन्य आवश्यक कार्यों को कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश जिला विकास अधिकारी को दिए।

वहीं जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि गौशालाओं से संबंधित सभी विभाग शासनादेशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

सर्दी के मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ और ईओ को गौशालाओं में पर्दे लगाने के साथ हीटर एवं ब्लोअर की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए, ताकि निराश्रित गोवंश को ठंड से सुरक्षित रखा जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार, नगर मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता, जिला विकास अधिकारी, डीसी मनरेगा, सभी नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।