चलती एंबुलेंस में युवती से अश्लील हरकत, आरोपी चालक फरार
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस हरकत में आई और छिबरामऊ कोतवाली में आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है
कन्नौज से अश्वनी पाठक की रिपोर्ट —
कन्नौज/जनमत न्यूज। कन्नौज जनपद में एक एंबुलेंस चालक द्वारा चलती एंबुलेंस में युवती के साथ अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। युवती ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का विरोध किया और उसे थप्पड़ जड़ दिए, जिसके बाद चालक धमकी देकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार तालग्राम थाना क्षेत्र के एक गांव की आशा बहू की बेटी एक प्रसूता महिला को डिलीवरी के लिए एंबुलेंस से छिबरामऊ अस्पताल ले जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में मौका पाकर एंबुलेंस चालक ने युवती के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें शुरू कर दीं।
युवती ने तुरंत विरोध करते हुए चालक को थप्पड़ मार दिए। इससे नाराज होकर आरोपी चालक ने युवती को धमकी दी और एंबुलेंस छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से युवती और साथ मौजूद लोग काफी घबरा गए।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस हरकत में आई और छिबरामऊ कोतवाली में आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोगों ने आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Janmat News 
