बलरामपुर में साइबर अपराध पर बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की ठगी करने वाला गिरोह गिरफ्तार
उप्र के बलरामपुर जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। करोड़ों रुपये की ऑनलाइन ठगी से जुड़े इस नेटवर्क में शामिल 5 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से काम करता था। आरोपी लोगों को लालच देकर उनके बैंक खाते और मोबाइल सिम किराये पर लेते थे और उन्हीं खातों के जरिए देशभर में ऑनलाइन ठगी की रकम ट्रांसफर करते थे।
इसके बाद पैसे को अलग-अलग खातों में भेजकर उसका सेटलमेंट किया जाता था, ताकि असली स्रोत छिपाया जा सके। इस गिरोह की कार्यशैली भी बेहद चौंकाने वाली रही।
बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम को गुप्त रूप से कोरियर के माध्यम से भेजा जाता था, यहां तक कि इन्हें मिठाई के डिब्बों में छिपाकर एक-दूसरे तक पहुंचाया जाता था। पूरे नेटवर्क को संचालित करने के लिए सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का सहारा लिया जाता था।
जांच के दौरान 17 बैंक खातों का पता चला है, जिनका उपयोग साइबर ठगी में किया जा रहा था। देशभर में इन खातों से जुड़ी कई शिकायतें दर्ज हैं और करोड़ों रुपये के लेन-देन के साक्ष्य सामने आए हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से कई मोबाइल फोन, एक आईफोन और फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर दिया गया है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में साइबर थाना टीम द्वारा की गई।
अजनबियों के झांसे में आकर अपना बैंक खाता, एटीएम या सिम किसी को न दें। थोड़ी सी लापरवाही आपको भी बड़ी मुसीबत में डाल सकती है।

Janmat News 
