एसपी के आदेश के बावजूद विवादित भूमि पर निर्माण कराने का आरोप, थाना प्रभारी पर उठे सवाल

एसपी के आदेश के बावजूद विवादित भूमि पर निर्माण कराने का आरोप, थाना प्रभारी पर उठे सवाल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

फर्रुखाबाद / जनमत न्यूज। जनपद के शमशाबाद थाना क्षेत्र के कलुआपुर सानी गांव में विवादित भूमि पर निर्माण को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। थाना प्रभारी रमेश सिंह पर आरोप है कि उन्होंने पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशों की अनदेखी करते हुए विवादित भूमि पर रातों-रात निर्माण करा दिया।

बताया जा रहा है कि पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि मामले के निस्तारण तक विवादित भूमि पर किसी प्रकार का निर्माण कार्य न कराया जाए। इसके बावजूद निर्माण होने से स्थानीय स्तर पर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दबंगों ने उन्हें खुलेआम जान-माल की धमकी दी थी, जिसकी शिकायत भी की गई थी। मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

यह भी आरोप है कि मुख्यमंत्री के आईजीआरएस पोर्टल पर की गई दो अलग-अलग शिकायतों पर एक जैसी आख्या लगाकर दबंग पक्ष को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया।

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और पीड़ित पक्ष ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।