प्रतापगढ़: अमरगढ़ कोट लूटकांड का खुलासा, मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली; जेवरात व अवैध तमंचा बरामद
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के अमरगढ़ कोट में महिला को बंधक बनाकर हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के अमरगढ़ कोट में महिला को बंधक बनाकर हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से लूट के जेवरात, अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, बीते रविवार की शाम थाना आसपुर देवसरा क्षेत्र के गोदलपट्टी स्थित अमरगढ़ कोट में रहने वाली चंदा सिंह उस समय घर पर अकेली थीं। इसी दौरान तीन-चार बदमाश घर में घुस आए और उन्हें बंधक बनाकर सोने-चांदी के जेवरात, नकदी समेत अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस और स्वाट टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। गुरुवार शाम मुखबिर की सूचना पर पूरे दलपत शाह नहर के पास घेराबंदी की गई।
पुलिस ने जब संदिग्ध गोविंद सिंह निवासी ग्राम गोड़े, थाना नगर कोतवाली को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी को पहले सीएचसी अमरगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट के सोने-चांदी के जेवरात, एक अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह ने बताया कि मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।




