मुजफ्फरनगर: हिंदू बस्ती में दूसरे समुदाय को मकान बिक्री का विरोध, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना खालापार क्षेत्र की दक्षिणी कृष्णापुरी कॉलोनी के निवासियों ने जिलाधिकारी को एक प्रार्थना पत्र देकर मोहल्ले में एक मकान दूसरे समुदाय के व्यक्ति को बेचे जाने का विरोध जताया है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना खालापार क्षेत्र की दक्षिणी कृष्णापुरी कॉलोनी के निवासियों ने जिलाधिकारी को एक प्रार्थना पत्र देकर मोहल्ले में एक मकान दूसरे समुदाय के व्यक्ति को बेचे जाने का विरोध जताया है।
मोहल्लावासियों का कहना है कि यह क्षेत्र हिंदू बहुल बस्ती है और यहां दूसरे समुदाय के व्यक्ति के आने से सामाजिक माहौल प्रभावित होने की आशंका है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि मोहल्ले के निवासी अंकित जैन और अर्पित जैन के यहां कथित रूप से आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का आना-जाना रहता है।
मोहल्ले के लोगों का दावा है कि विरोध करने पर संबंधित लोगों ने मकान दूसरे समुदाय के व्यक्ति को बेचने की बात कही थी। अब मकान बिक्री की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी मिलने पर क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में मोहल्लावासियों ने मांग की है कि उक्त मकान का विक्रय किसी हिंदू व्यक्ति के पक्ष में कराया जाए, जिससे क्षेत्र का मौजूदा सामाजिक वातावरण बना रहे। ज्ञापन पर मोहल्ले के कई लोगों के हस्ताक्षर भी किए गए हैं।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा का माहौल बना हुआ है।


