रायबरेली: ट्यूबवेल का इंजन बना मौत का जाल; पूर्व प्रधान की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
रायबरेली जनपद के डीह थाना क्षेत्र के पूरे ठकुराइन मजरे अहल गांव में उस वक्त चीख-पुकार मच गई जब ट्यूबवेल चलाते समय पूर्व प्रधान की दर्दनाक मौत हो गई।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के डीह थाना क्षेत्र के पूरे ठकुराइन मजरे अहल गांव में उस वक्त चीख-पुकार मच गई जब ट्यूबवेल चलाते समय पूर्व प्रधान की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान पूर्व प्रधान रामगरीब पुत्र भगवान दीन के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार रामगरीब अपने खेत में ट्यूबवेल का इंजन चला रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका शरीर चल रहे इंजन में फंस गया। इंजन की चपेट में आने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग सहम गए।
घटना की सूचना मिलते ही डीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पूर्व प्रधान की अचानक हुई मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में भी गहरा दुख और आक्रोश व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Janmat News 
