जनगणना ड्यूटी पर जा रहे शिक्षक की सड़क हादसे में मौत, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

उच्च प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक रामशरण वर्मा जनगणना कार्य के लिए सदरपुर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

जनगणना ड्यूटी पर जा रहे शिक्षक की सड़क हादसे में मौत, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज। जनपद के माधौगंज विकास खंड में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सरकारी अध्यापक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बढ़नपुर फत्ते गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक रामशरण वर्मा जनगणना कार्य के लिए सदरपुर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार हादसा ब्लॉक कार्यालय के पास हुआ। बिलग्राम की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात बोलेरो ने बाइक सवार शिक्षक रामशरण वर्मा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक बोलेरो चालक वाहन समेत फरार हो चुका था।

घटना पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर बोलेरो वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल शिक्षक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. अरुण मोहन ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिक्षक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि विद्यालय के शिक्षकों और छात्रों में भी शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बोलेरो वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।