शोहदों की हरकतों से परेशान छात्रा ने छोड़ी पढ़ाई, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

परिवार का आरोप है कि क्षेत्र के हल्का इंचार्ज राम बाबू को मामले की जानकारी होने के बावजूद शोहदों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आरोपियों के हौसले और बढ़ गए हैं।

शोहदों की हरकतों से परेशान छात्रा ने छोड़ी पढ़ाई, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

फर्रुखाबाद से वरूण दूबे की रिपोर्ट —

फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज। फर्रुखाबाद जिले के जहानगंज थाना क्षेत्र में शोहदों की छेड़छाड़ से परेशान एक छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया है। छात्रा और उसके परिजनों का आरोप है कि रास्ते में आए दिन होने वाली अश्लील हरकतों से तंग आकर उसे पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी, जिससे उसकी शिक्षा प्रभावित हो रही है।

परिजनों के अनुसार छात्रा जब भी स्कूल जाती थी, रास्ते में कुछ युवक उसके साथ अश्लील हरकतें करते थे और उसे परेशान करते थे। इस संबंध में परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर भी दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

छात्रा के परिवार का आरोप है कि क्षेत्र के हल्का इंचार्ज राम बाबू को मामले की जानकारी होने के बावजूद शोहदों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आरोपियों के हौसले और बढ़ गए हैं। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया है कि विरोध करने पर शोहदों ने उसके साथ मारपीट भी की।

लगातार हो रही छेड़छाड़ और डर के माहौल के कारण छात्रा ने करीब एक महीने से स्कूल जाना बंद कर दिया है। इस घटना से परिजन बेहद परेशान हैं और उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामला जहानगंज थाना क्षेत्र के दान मंडी इलाके का बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।