संभल: 55 लाख रुपये कीमत के 261 मोबाइल फोन बरामद, CEIR पोर्टल के माध्यम से की गई कार्रवाई

उप्र के संभल जनपद में 55 लाख रुपये कीमत के विभिन्न कंपनियों के गुमशुदा और खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर जनपद पुलिस ने मोबाइल स्वामियों को सुपुर्द किए।

संभल: 55 लाख रुपये कीमत के 261 मोबाइल फोन बरामद, CEIR पोर्टल के माध्यम से की गई कार्रवाई
Published By- Diwaker Mishra

संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट

संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में 55 लाख रुपये कीमत के विभिन्न कंपनियों के गुमशुदा और खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर जनपद पुलिस ने मोबाइल स्वामियों को सुपुर्द किए। मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।

जनपद के बहजोई पुलिस लाइन में गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत ने जानकारी दी कि जनपद में आम जनमानस के गुमशुदा और खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इस अभियान के तहत 261 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत लगभग 55 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द कर दिए गए।

पुलिस के अनुसार खोए और गुम हुए मोबाइल फोन के संबंध में प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर संज्ञान लेते हुए एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के निर्देश पर शीघ्र बरामदगी के लिए साइबर थाना और जनपदीय साइबर सेल को निर्देशित किया गया था।

साइबर सेल द्वारा दूरसंचार विभाग के CEIR पोर्टल के माध्यम से अभियान चलाकर जनपद संभल सहित अन्य राज्यों से मोबाइल फोन बरामद किए गए।

बरामद मोबाइल फोन में आईफोन के 2, वीवो के 52, ओप्पो के 48, सैमसंग के 51 सहित विभिन्न कंपनियों के कुल 261 मोबाइल फोन शामिल हैं। जनपदीय साइबर सेल ने लोगों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन खो जाए या चोरी हो जाए तो तुरंत आवश्यक कदम उठाएं।

सबसे पहले अपने सिम कार्ड को ब्लॉक कराएं और इसके बाद अपने बैंक खातों की सुरक्षा के लिए बैंक से संपर्क करें। कोई भी आम नागरिक अपने मोबाइल फोन के गुम या चोरी होने पर स्वयं CEIR पोर्टल और संचार साथी एप्लीकेशन के माध्यम से अपने मोबाइल का IMEI नंबर ब्लॉक करवा सकता है।

पूरे मामले पर संभल के अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत ने बताया कि जनपद संभल पुलिस द्वारा मोबाइल फोन रिकवरी हेतु विशेष अभियान चलाया गया था।

इस अभियान में जनपदीय साइबर सेल और सभी थानों की पुलिस ने कड़ी मेहनत करते हुए 261 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह कार्रवाई CEIR पोर्टल के माध्यम से की गई है। बरामद मोबाइल फोन की कीमत लगभग 55 लाख रुपये है।

उन्होंने बताया कि बरामद मोबाइल फोन में एप्पल, वीवो, सैमसंग, ओप्पो, रेडमी, रियलमी समेत अन्य कई कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं।

जनपदीय साइबर सेल और विभिन्न थानों की पुलिस टीमों द्वारा लगातार मेहनत की जा रही है और आगे भी जनपद संभल पुलिस इसी तरह कार्य करती रहेगी। उन्होंने बताया कि अब तक बरामद किए गए सभी 261 मोबाइल फोन उनके स्वामियों को वापस सौंपे जा रहे हैं।