संकट काल में दलहन-तिलहन उत्पादन बढ़ाने की जरूरत : सूर्य प्रताप शाही

सूर्य प्रताप शाही ने किसानों से दलहन और तिलहन की खेती को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश आर्थिक और वैश्विक चुनौतियों के दौर से गुजर रहा है,

संकट काल में दलहन-तिलहन उत्पादन बढ़ाने की जरूरत :  सूर्य प्रताप शाही
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट —

बहराइच / जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बहराइच दौरे के दौरान किसानों से दलहन और तिलहन की खेती को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश आर्थिक और वैश्विक चुनौतियों के दौर से गुजर रहा है, ऐसे में किसानों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।

सर्किट हाउस में आयोजित बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रदेश के अधिकांश किसान गन्ने की खेती पर अधिक ध्यान दे रहे हैं, लेकिन अब समय की मांग है कि गन्ने के साथ-साथ दलहन और तिलहन की फसलें भी अधिक मात्रा में उगाई जाएं। उन्होंने कहा कि देश में पेट्रोलियम पदार्थों के साथ-साथ दाल और खाद्य तेल का भी बड़े पैमाने पर आयात किया जाता है, जिससे विदेशी निर्भरता बढ़ती है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का जिक्र करते हुए कहा कि देश इस समय संकट काल से गुजर रहा है और प्रधानमंत्री ने देशवासियों से पेट्रोलियम पदार्थों के सीमित उपयोग तथा धैर्य बनाए रखने की अपील की है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता इस अपील का पालन कर रही है और किसानों को भी आत्मनिर्भर भारत की दिशा में योगदान देना चाहिए।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही अपने निर्धारित काफिले से अलग होकर स्वयं वाहन चलाकर बहराइच पहुंचे, जिसे लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा रही।

इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और सपा सांसद अवधेश प्रसाद पर भी निशाना साधा। मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग दूसरों को नसीहत देने से पहले अपने आचरण पर ध्यान दें। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों को महिलाओं और बहनों के सम्मान की समझ नहीं है, वे समाज को क्या संदेश देंगे। बैठक में कृषि विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।