संभल: पिता पर बेटी की हत्या का आरोप, गांव के ही युवक के साथ प्रेम प्रसंग से था नाराज़

उप्र के संभल जनपद में प्रेम प्रसंग से नाराज़ एक पिता पर अपनी ही बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

संभल: पिता पर बेटी की हत्या का आरोप, गांव के ही युवक के साथ प्रेम प्रसंग से था नाराज़
Published By- Diwaker Mishra

संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट

संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में प्रेम प्रसंग से नाराज़ एक पिता पर अपनी ही बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

युवती के चचेरे भाई की तहरीर पर पुलिस ने पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूरा मामला जनपद की चंदौसी तहसील क्षेत्र के थाना बनियाठेर के गांव कासमपुर कायस्थ का है। यहां प्रेम प्रसंग से नाराज़ पिता ने बेटी के साथ मारपीट की।

आरोप है कि इसी दौरान धक्का लगने से 20 वर्षीय युवती सड़क पर गिरी, जहां ईंट से सिर और माथे में गंभीर चोट लग गई। गंभीर रूप से घायल युवती को पहले गांव के एक डॉक्टर के पास ले जाया गया, इसके बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका की पहचान रोहतास की 20 वर्षीय पुत्री सूरजमुखी के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने सोमवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग था और दोनों आपस में बातचीत करते थे।

जब इस बात की जानकारी पिता रोहतास को हुई तो उसने बेटी को युवक से बात करते हुए देख लिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, रात करीब एक बजे युवती घर छोड़कर जाने लगी तो पिता ने उसे रोकने का प्रयास किया।

इसी दौरान धक्का लगने से वह सड़क पर गिर गई और सिर ईंट से टकराने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

युवती के चचेरे भाई की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी पिता रोहतास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया और शव को,पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि 24/25 जुलाई की रात थाना बनियाठेर क्षेत्र में चौकीदार के बेटे द्वारा सूचना दी गई कि रोहतास नामक व्यक्ति ने अपनी बेटी के साथ बेरहमी से मारपीट की है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार कराया गया। उपचार के दौरान युवती की मृत्यु हो गई।

प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया है। बताया जा रहा है कि इसी बात से आक्रोशित होकर पिता ने अपनी बेटी के साथ मारपीट की, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने इस संबंध में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई भी की जा रही है।