संभल: सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने आचार्य प्रमोद कृष्णम पर किया पलटवार, कहा- याद करें अपना पुराना इतिहास

उप्र के संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने अपने विरोधियों पर पलटवार करते हुए कहा कि वह ऐसे बयानों को कोई महत्व नहीं देते।

संभल: सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने आचार्य प्रमोद कृष्णम पर किया पलटवार, कहा- याद करें अपना पुराना इतिहास
Published By- Diwaker Mishra

संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट

संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने अपने विरोधियों पर पलटवार करते हुए कहा कि वह ऐसे बयानों को कोई महत्व नहीं देते। उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं को अपनी राजनीतिक पृष्ठभूमि और पुराना इतिहास याद करना चाहिए।

उनका आरोप है कि भाजपा का दामन थामने के बाद कुछ नेताओं की भाषा और विचार दोनों बदल गए हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के समर्थन में खड़े होकर इन्हीं मुद्दों पर खुलकर बोलते थे, आज वही लोग राजनीतिक फायदे के लिए अपना रुख बदल चुके हैं।

बर्क ने कहा कि बाबर, मुसलमानों और इतिहास जैसे विषयों को केवल राजनीतिक लाभ के लिए उठाया जा रहा है। उनका कहना था कि मुसलमानों का इतिहास सभी धर्मों और समुदायों के साथ मिल-जुलकर रहने, भाईचारे और अपने अधिकारों की लोकतांत्रिक लड़ाई लड़ने का रहा है। उन्होंने कहा कि जो भी इतिहास को निष्पक्ष रूप से पढ़ेगा, उसे यह स्पष्ट हो जाएगा कि यह किसी भी धर्म के खिलाफ नहीं है,

आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि प्रदेश में पिछले दस वर्षों से भाजपा की सरकार है और अब जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि केवल मुस्लिम समाज ही नहीं, बल्कि पीडीए के सभी वर्गों के साथ-साथ हर धर्म और समुदाय के लोग भी सरकार से नाराज़ हैं।

बर्क ने विश्वास जताया कि इस बार जनता समाजवादी पार्टी को सत्ता सौंपेगी और अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और तरक्की का नया दौर शुरू होगा।

राम मंदिर चंदा मामले पर बोलते हुए बर्क ने आरोप लगाया कि सरकार और भाजपा असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर चंदे में गड़बड़ी के आरोप हैं, उनके खिलाफ निष्पक्ष जांच और कार्रवाई होनी चाहिए।

उनका आरोप था कि राजनीति के तहत दोषियों को बचाया जा रहा है और निर्दोष लोगों को फंसाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता और हिंदू समाज भी पूरे घटनाक्रम को देख रहा है और चुनाव में इसका जवाब देगा।