मूर्तिकार राम सुतार को महाराष्ट्र भूषण सम्मान, सम्मान देने खुद नोएडा पहुंचे मुख्यमंत्री फडणवीस
विश्वप्रसिद्ध मूर्तिकार और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के शिल्पकार राम सुतार को महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्रियों ने नोएडा स्थित घर पर सम्मान प्रदान किया। राम सुतार 100 वर्ष की आयु में भी विश्वभर में अपनी कला के लिए चर्चित हैं।
नोएडा/जनमत न्यूज़:- विश्वप्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार को शुक्रवार को महाराष्ट्र सरकार ने ‘महाराष्ट्र भूषण’ पुरस्कार से सम्मानित किया। उनकी तबीयत ठीक न होने के कारण महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और संस्कृति मंत्री आशीष सैलार स्वयं नोएडा सेक्टर-19 स्थित उनके घर पहुंचे और उन्हें सम्मान प्रदान किया।
राज्य सरकार का सर्वोच्च नागरिक सम्मान
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 20 मार्च को विधानसभा में यह घोषणा की थी कि राम सुतार को राज्य का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘महाराष्ट्र भूषण’ दिया जाएगा। इस सम्मान के तहत 25 लाख रुपये, और एक स्मृति चिह्न प्रदान किया गया।
फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र को गर्व है कि राम सुतार ने अपनी कला से पूरी दुनिया में भारत की पहचान को मजबूत किया है। उनकी मूर्तियां भारत समेत कई देशों में प्रमुख स्थानों पर लगी हैं और अनेक रिकॉर्ड उनके नाम पर दर्ज हैं।
100 वर्ष की आयु पार कर चुके राम सुतार इन दिनों स्वास्थ्य कारणों से बिस्तर पर हैं। इसलिए वरिष्ठ नेताओं ने उनके कमरे में जाकर सम्मान प्रदान किया। सम्मान ग्रहण करते हुए सुतार ने सभी का आभार जताया।
कार्यक्रम में स्थानीय सांसद डॉ. महेश शर्मा भी मौजूद रहे।
उनके बेटे और प्रसिद्ध मूर्तिकार अनिल सुतार ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार द्वारा घर आकर सम्मान देने से परिवार अत्यंत भावुक और आभारी है।
राम सुतार: 100 वर्ष की आयु में भी दुनिया में सबसे चर्चित मूर्तिकार
राम सुतार ने इसी साल फरवरी में सौ साल की आयु पूर्ण की है। महाराष्ट्र के गोंडूर गांव में एक गरीब परिवार में 19 फरवरी 1925 को जन्मे राम सुतार ने अपना स्टूडियो नोएडा में ही बनाया है। वह वर्ष 1990 से यहीं रह रहे। पद्मश्री और पद्मभूषण से सम्मानित राम सुतार ने कई ऐतिहासिक मूर्तियां और स्मारक बनाए। महात्मा गांधी की साढ़े तीन सौ से अधिक मूर्तियां उन्होंने गढ़ी हैं। अजंता-एलोरा की गुफाओं में कई प्राचीन मूर्तियों के जीर्णोद्धार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा के शिल्पकार — राम सुतार की उपलब्धियां
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी – सरदार पटेल (182 मीटर), गुजरात
दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा, जिसे राम सुतार ने डिज़ाइन किया।
संसद भवन में लगी महात्मा गांधी की ऐतिहासिक प्रतिमा
इसी प्रतिमा की प्रतिकृतियां कई देशों को उपहार स्वरूप दी गईं।
251 मीटर ऊंची भगवान श्रीराम की प्रतिमा – अयोध्या
लता मंगेशकर चौक पर लगी प्रसिद्ध वीणा भी इनके ही शिल्प की देन।

Janmat News 
