औरैया में भीषण गर्मी का प्रकोप, पारा 45 डिग्री पार; आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित

उप्र के औरैया जनपद में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मंगलवार को जिले का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आया।

औरैया में भीषण गर्मी का प्रकोप, पारा 45 डिग्री पार; आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मंगलवार को जिले का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आया।

हालात ऐसे हैं कि लोग दोपहर के समय घरों में दुबकने को मजबूर हैं। आसमान से बरसती आग और चल रही गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया है।

वहीं नगर पालिका प्रशासन द्वारा लोगों को राहत देने के लिए शहर के प्रमुख मार्गों और बाजारों में टैंकरों के जरिए पानी का छिड़काव कराया जा रहा है, ताकि राहगीरों को थोड़ी राहत मिल सके।

औरैया में सुबह से ही तेज धूप ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया था। दोपहर तक सड़कें लगभग सूनी नजर आईं। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। जो लोग बाहर दिखाई दे रहे हैं, वे सिर और मुंह ढककर निकल रहे हैं। जगह-जगह लोग ठंडा पानी पीते और चेहरे पर पानी डालते दिखाई दिए।

भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी हीट वेव से बचाव को लेकर गाइडलाइन जारी कर दी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना जरूरी काम के दोपहर में घर से बाहर न निकलें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, हल्के कपड़े पहनें और धूप में निकलते समय सिर व मुंह को अच्छी तरह ढककर रखें।

नगर पालिका की ओर से शहर के मुख्य चौराहों और सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। इससे सड़क की तपिश कुछ कम हो रही है और लोगों को थोड़ी राहत महसूस हो रही है। हालांकि तेज धूप और उमस के कारण लोग परेशान नजर आ रहे हैं।

रामजी ने बताया कि बहुत गर्मी पड़ रही है। वह जालौन जिले से आए हैं। तापमान 45 डिग्री पहुंच गया है। गर्मी से राहत पाने के लिए लगातार पानी पी रहे हैं, मुंह धो रहे हैं और सिर पर पानी डालकर खुद को ठंडा रखने की कोशिश कर रहे हैं।

शिवम ने बताया कि वह भी जालौन जिले से आए हैं। उन्होंने कहा कि इतनी भीषण गर्मी में सिर्फ पानी ही राहत दे रहा है। हाथ-पैर और मुंह धोने से थोड़ी राहत मिलती है।

निखिल ने बताया कि वह औरैया का रहने वाला है। गर्मी बहुत ज्यादा पड़ रही है और लोग बेहाल हैं। पानी से हाथ-मुंह धोकर ही कुछ राहत मिल पा रही है।

फिलहाल औरैया में गर्मी का कहर लगातार जारी है और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और हीट वेव से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।