सहारनपुर: बेहट में भूमाफिया पर प्रशासन का शिकंजा, सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण ध्वस्त
उत्तर प्रदेश के प्रशासन ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। सहारनपुर जनपद की बेहट तहसील क्षेत्र के ग्राम मुजफ्फराबाद में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को प्रशासन ने ध्वस्त करा दिया।
सहारनपुर से अनिल वर्मा/मोहन कश्यप की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश के प्रशासन ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। सहारनपुर जनपद की बेहट तहसील क्षेत्र के ग्राम मुजफ्फराबाद में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को प्रशासन ने ध्वस्त करा दिया। साथ ही, संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।
जिलाधिकारी अरविंद चौहान के निर्देश पर उपजिलाधिकारी बेहट सुबोध कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। प्रशासन के मुताबिक, ग्राम मुजफ्फराबाद में खसरा संख्या 497/6 की लगभग 8.338 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में नदी के रूप में दर्ज है। यह भूमि शासकीय संपत्ति है, जिस पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण करना गैरकानूनी है।
प्रशासन के अनुसार, 18 मई 2024 को भूमि की पैमाइश और निशानदेही कराकर सरकारी संपत्ति को कब्जामुक्त कराने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसके बावजूद संबंधित भूमि पर अवैध निर्माण किया गया। 27 अक्टूबर 2026 को राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल के सहयोग से मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया।
बताया गया कि संबंधित व्यक्ति को मोबाइल फोन के माध्यम से निर्माण कार्य रोकने की हिदायत भी दी गई थी। इसके बावजूद निर्माण जारी रहने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया।
एसडीएम बेहट ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
उपजिलाधिकारी बेहट सुबोध कुमार ने स्पष्ट किया कि नदी के रूप में दर्ज भूमि सार्वजनिक उपयोग की शासकीय संपत्ति है। इस पर किसी भी तरह का अनधिकृत कब्जा या अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



