शिवकन्या कुशवाहा ने "मिशन गांव की ओर चलो" अभियान के तहत किया रायबरेली दौरा, शिल्पी मौर्य बनीं महिला जिलाध्यक्ष
जन अधिकार पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकन्या कुशवाहा ने "मिशन गांव की ओर चलो" अभियान के तहत रायबरेली जनपद के महराजगंज कस्बे सहित कई ग्रामीण इलाकों का दौरा किया।
रायबरेली/जनमत न्यूज। जन अधिकार पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकन्या कुशवाहा ने "मिशन गांव की ओर चलो" अभियान के तहत रायबरेली जनपद के महराजगंज कस्बे सहित कई ग्रामीण इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जनसंपर्क अभियान चलाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाया और लोगों से पार्टी से जुड़ने की अपील की।
दौरे के दौरान शिवकन्या कुशवाहा ने पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने राम नरेश मौर्य के आवास पर ग्रामीणों से मुलाकात की और संगठनात्मक विस्तार पर विशेष विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर उन्होंने शिल्पी मौर्य को रायबरेली की महिला जिलाध्यक्ष के रूप में मनोनीत किया।
उन्होंने गांव-गांव जाकर लोगों से मुलाकात की और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। विशेष रूप से शिक्षा के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि 14 वर्ष तक के बच्चों को नि:शुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने सरकारी स्कूलों के मर्जर पर आपत्ति जताई और इसे तत्काल रोके जाने की मांग की।
शिवकन्या कुशवाहा ने कहा कि जन अधिकार पार्टी ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने भारत सरकार के समक्ष सरकारी स्कूलों के मर्जर के मुद्दे को दोबारा उठाने का आश्वासन दिया और जनता से पार्टी के समर्थन में एकजुट होने की अपील की।

Janmat News 
