सीतापुर: प्लाईवुड फैक्ट्री के नाम दर्ज 47 बीघा जमीन पर प्रशासन का कब्जा, वर्षों से बंद पड़ी है फैक्ट्री

उप्र के सीतापुर जनपद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 70 करोड़ रुपये मूल्य की 47 बीघा भूमि को राज्य सरकार में निहित कर उसका कब्जा अपने हाथ में ले लिया।

सीतापुर: प्लाईवुड फैक्ट्री के नाम दर्ज 47 बीघा जमीन पर प्रशासन का कब्जा, वर्षों से बंद पड़ी है फैक्ट्री
Published By- Diwaker Mishra

सीतापुर से अनूप पाण्डेय की रिपोर्ट

सीतापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सीतापुर जनपद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 70 करोड़ रुपये मूल्य की 47 बीघा भूमि को राज्य सरकार में निहित कर उसका कब्जा अपने हाथ में ले लिया।

यह जमीन वर्षों से बंद पड़ी प्लाईवुड फैक्ट्री के नाम दर्ज थी। जिलाधिकारी न्यायालय के आदेश के बाद राजस्व और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई पूरी की।

मामला सीतापुर सदर तहसील क्षेत्र का है, जहां वर्षों से बंद पड़ी प्लाईवुड फैक्ट्री के नाम दर्ज लगभग 47 बीघा भूमि पर प्रशासन ने कब्जा ले लिया। इससे पहले भी फैक्ट्री की लगभग आधी भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जा चुका है।

प्रशासन के अनुसार, शेष भूमि के संबंध में करीब 15 दिन पहले संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया था। तय समय सीमा में कोई जवाब या वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके बाद जिलाधिकारी न्यायालय ने भूमि को राज्य सरकार में निहित करने के आदेश जारी कर दिए।

आदेश के अनुपालन में उपजिलाधिकारी सदर डॉ. जनार्दन कुमार, तहसीलदार, कानूनगो, क्षेत्रीय लेखपाल तथा पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर भूमि का भौतिक कब्जा लिया गया। प्रशासन ने कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी कर सरकारी अभिलेखों में भी आवश्यक प्रविष्टियां कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।