मुजफ्फरनगर में ई-रिक्शा चालक ने यातायात सिपाही पर मारपीट व जबरन कार्रवाई करने का लगाया आरोप
मामले को लेकर पीड़ित ने एसएसपी से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी सिपाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा उसकी ई-रिक्शा को तत्काल छोड़ा जाए।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज। जनपद के थाना नई मंडी क्षेत्र में एक ई-रिक्शा चालक द्वारा यातायात पुलिस के सिपाही पर मारपीट और जबरन कार्रवाई के गंभीर आरोप लगाए जाने से मामला चर्चा में आ गया है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।
पीड़ित दीपक कुमार के अनुसार, वह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उसका आरोप है कि 4 मई 2026 को दोपहर लगभग 2 बजे वह महावीर चौक फ्लाईओवर पर सवारी लेकर जा रहा था, तभी ड्यूटी पर तैनात एक यातायात सिपाही ने उसे रोक लिया। चालक का कहना है कि बिना किसी स्पष्ट कारण के सिपाही ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि सिपाही ने ई-रिक्शा में बैठी सवारियों को जबरन उतार दिया और वाहन को अपने कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया, जबकि वह यातायात नियमों का पालन कर रहा था।
मामले को लेकर पीड़ित ने एसएसपी से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी सिपाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा उसकी ई-रिक्शा को तत्काल छोड़ा जाए।
इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है और पीड़ित को न्याय मिल पाता है या नहीं।


