आगरा: शहीद फौजी के परिजनों की भूमि विवाद संबंधी शिकायत पर डीएम ने तत्काल लिया संज्ञान, दिए ये निर्देश

उप्र के आगरा के जिलाधिकारी मनीष बंसल ने पनवारी निवासी शहीद फौजी के परिजनों की भूमि विवाद संबंधी शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए एसडीएम की अध्यक्षता में टीम गठित की है।

आगरा: शहीद फौजी के परिजनों की भूमि विवाद संबंधी शिकायत पर डीएम ने तत्काल लिया संज्ञान, दिए ये निर्देश
Published By- Diwaker Mishra

आगरा से विमल कुमार सिंह की रिपोर्ट

आगरा/जनमत न्यूज़। उप्र के आगरा के जिलाधिकारी मनीष बंसल ने पनवारी निवासी शहीद फौजी के परिजनों की भूमि विवाद संबंधी शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए एसडीएम की अध्यक्षता में टीम गठित की है। साथ ही मौके पर जांच कर प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार आगरा किरावली तहसील ग्राम पनवारी निवासी शहीद फौजी के परिजनों द्वारा कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी से खेत की पैमाइश पुलिस की मौजूदगी में कराए जाने की मांग की थी। जिलाधिकारी ने परिजनों से उनकी समस्या व भूमि विवाद प्रकरण की विस्तार से जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने तत्काल भूमि विवाद प्रकरण में संबंधित एसडीएम की अध्यक्षता में टीम गठित करने के निर्देश दिए तथा मौके पर जाकर प्रकरण की गंभीरता से जांच कर पुलिस की मौजूदगी में पैमाइश कराए जाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि किसी के भी साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा, मौके पर दोनों पक्षों की सुनवाई व प्रभावी कार्यवाही कर प्रकरण निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं।

बता दें कि शहीद के स्वजन कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी से मिले थे। पीड़ित पक्ष ने खेत की पैमाइश की समस्या से संबंधित प्रार्थनापत्र जिलाधिकारी को दिया था। डीएम द्वारा प्रार्थनापत्र पर तत्काल संज्ञान लिया गया।