गंगा में नहाते समय तीन छात्र डूबे, एक की दर्दनाक मौत

गंगा में नहाते समय तीन छात्र डूबे, एक की दर्दनाक मौत
Published By - ANKUSH PAL

फतेहपुर(जनमत) :- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गंगा नदी में नहाने गए तीन छात्रों के साथ बड़ा हादसा हो गया। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ओम घाट पर नहाने पहुंचे तीनों छात्र अचानक गहरे पानी में चले गए और नदी में डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय गोताखोर तुरंत नदी में कूद पड़े और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और तीनों छात्रों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद एक छात्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य छात्रों को सुरक्षित बचा लिया गया।मृतक छात्र की पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के पनी मोहल्ला निवासी धर्मेंद्र के 20 वर्षीय पुत्र सनी के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि सनी अपने दोस्तों हिमांशु और प्रिंस के साथ गंगा नदी के ओम घाट पर नहाने गया था। इसी दौरान तीनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। स्थानीय गोताखोरों ने तुरंत नदी में उतरकर दो छात्रों को सकुशल बाहर निकाल लिया, लेकिन सनी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।