ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत में दो की मौत, 13 घायल
ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग अपने दामाद के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के लालपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी।
औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —
औरैया/जनमत न्यूज। औरैया जिले में ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 13 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग अपने दामाद के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के लालपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने सभी घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही अभिषेक भारती भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना तथा चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Janmat News 
