एटा में शराब पीने से दो की मौत, तीसरे की हालत बिगड़ी; गांव में मचा कोहराम

उप्र के एटा जनपद के थाना अवागढ़ क्षेत्र के गांव मीसा कलां में गुरुवार सुबह शराब पीने के बाद दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया।

एटा में शराब पीने से दो की मौत, तीसरे की हालत बिगड़ी; गांव में मचा कोहराम
Published By- Diwaker Mishra

एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट

एटा/जनमत न्यूज़ उप्र के एटा जनपद के थाना अवागढ़ क्षेत्र के गांव मीसा कलां में गुरुवार सुबह शराब पीने के बाद दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। वहीं तीसरे व्यक्ति की हालत बिगड़ने पर उपचार कराया गया।

घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और मामले की जांच शुरू कर दी।

बताया जाता है कि गांव निवासी राकेश पुत्र मानसिंह (45 वर्ष), नरसिंह पाल पुत्र रोशनलाल (59 वर्ष) तथा रंजीत पुत्र सुभाष (35 वर्ष) गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे एक प्लॉट पर बैठे थे।

आरोप है कि तीनों ने एक साथ देशी शराब पी थी। शराब पीने के कुछ ही मिनटों बाद अचानक तीनों की हालत बिगड़ गई और वे मौके पर ही गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सबसे पहले रंजीत अचेत होकर गिरा, उसके बाद राकेश और फिर नरसिंह पाल बेहोश हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद तीनों को आनन-फानन में उपचार के लिए आगरा ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने राकेश और नरसिंह पाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे व्यक्ति की हालत बिगड़ने पर उपचार कराया गया।

सूचना पर थाना अवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस शराब के स्रोत और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

मृतक नरसिंह पाल की पत्नी शांति देवी ने आरोप लगाया कि राकेश शराब लेकर आए थे और उनके पति को भी शराब पिलाई गई।

वहीं मृतक राकेश के भाई मुकेश ने बताया कि सुबह तीनों ने शराब पी थी, जिसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और हादसा हो गया। हालांकि शराब कहां से लाई गई थी, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं हो सकी है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

मृतक नरसिंह पाल के बेटे विजेंद्र ने आरोप लगाया कि गांव का एक व्यक्ति गुरुवार को गांव लौटा था और कथित रूप से एक क्वार्टर शराब ट्यूबवेल पर रखकर चला गया था, जिसे राकेश घर ले आए। इसके बाद तीनों ने शराब पी थी। परिजनों ने मामले में गहन जांच की मांग की है।

बताया गया है कि नरसिंह पाल खेती-किसानी का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो विवाहित बेटियां और तीन बेटे हैं। उनका बड़ा बेटा बंटू उर्फ भूपेंद्र वर्ष 2019 में हत्या का शिकार हो गया था, जिसका मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है और आगामी 11 जून को गवाही प्रस्तावित थी।

वहीं राकेश पेशे से राजमिस्त्री थे और उनके परिवार में पांच बच्चे हैं, जिनमें दो बेटों की शादी हो चुकी है जबकि तीन बेटियां अविवाहित हैं। थाना प्रभारी अवागढ़ अखिलेश दीक्षित ने बताया कि प्रथम दृष्टया शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत हुई है।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।