प्रतापगढ़ के कोर्ट परिसर में हंगामा, पेशी पर आए कैदी से मारपीट का परिजनों ने लगाया आरोप

उप्र के प्रतापगढ़ जिला न्यायालय परिसर में मंगलवार शाम उस समय हंगामा हो गया, जब पेशी पर लाए गए एक कैदी के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए उसके परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कैदी को सिर में चोट आई।

प्रतापगढ़ के कोर्ट परिसर में हंगामा, पेशी पर आए कैदी से मारपीट का परिजनों ने लगाया आरोप
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जिला न्यायालय परिसर में मंगलवार शाम उस समय हंगामा हो गया, जब पेशी पर लाए गए एक कैदी के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए उसके परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कैदी को सिर में चोट आई।

जानकारी के अनुसार करीब 10 वर्षों से जिला जेल में बंद कैदी मो. हलीम को मंगलवार को पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था। पेशी के बाद जब उसे न्यायालय परिसर के लॉकअप में रखा गया, तभी उसके साथ मारपीट होने का आरोप लगाया गया।

बताया जा रहा है कि कैदी के सिर के पास माथे पर चोट लगी थी और उसके चेहरे से खून बह रहा था। घायल हालत में कैदी को देखकर परिजन आक्रोशित हो गए और न्यायालय परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।

हंगामे के दौरान परिजनों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की और गुत्थमगुत्थी भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कैदी को भीड़ से निकालकर इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

जिला अस्पताल में उपचार के बाद कैदी को पुनः पुलिस अभिरक्षा में लेकर जिला कारागार के लिए रवाना कर दिया गया। घटना के बाद कुछ देर तक कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।