घर के बाहर सो रहे युवक की गला काटकर हत्या, पुराने विवाद में वारदात की आशंका
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है।
फर्रुखाबाद से वरूण दूबे की रिपोर्ट —
फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज। फर्रुखाबाद जनपद के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि युवक अपने घर के बाहर सो रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार घटना मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गैसिंगपुर गांव की है। सोमवार देर रात युवक घर के बाहर सो रहा था, तभी हमलावरों ने धारदार हथियार से उसका गला काट दिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि लगभग एक वर्ष पहले गांव के ही एक युवक से उसका विवाद हुआ था, जिसके चलते इस घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने की बात कही जा रही है।

Janmat News 
