अयोध्या में 300 बेड के सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का हुआ भूमिपूजन, 48 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी
उप्र के अयोध्या जनपद के रामपथ पर 163.71 करोड़ रुपये की लागत से 300 शैय्या वाले सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के निर्माण के लिए मंगलवार को भूमि पूजन किया गया।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद के रामपथ पर 163.71 करोड़ रुपये की लागत से 300 शैय्या वाले सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के निर्माण के लिए मंगलवार को भूमि पूजन किया गया। इस परियोजना के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने पहली किस्त के रूप में 48 करोड़ रुपये जारी किए हैं।
अस्पताल का निर्माण रामपथ स्थित सीतापुर आंख अस्पताल की जगह ईपीसी मोड पर किया जाएगा। डॉ वीरेंद्र वर्मा व डॉ साकेत गुप्ता ने बताया कि 7 मंजिला अस्पताल में ओपीडी, जनरल वार्ड, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर और इमरजेंसी सहित सभी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही चिकित्सकों और कर्मचारियों के लिए आवास भी बनाए जाएंगे।
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-2 के सत्येंद्र कुमार त्रिपाठी ने भूमि पूजन करते हुए बताया कि यह सरकार की महत्वपूर्ण परियोजना है और इसे तय समय में पूरा किया जाएगा।
जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने इसे मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट बताते हुए कहा कि अस्पताल बनने से अयोध्या और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लखनऊ जैसे बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी।


