हरदोई: पटाखों के हादसों से निपटने को अलर्ट, इमरजेंसी में पांच बेड आरक्षित; आइसोलेशन वार्ड भी तैयार

उप्र के हरदोई जनपद में दिपावली पर पटाखों और आतिशबाजी से होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विशेष तैयारियां की हैं।

हरदोई: पटाखों के हादसों से निपटने को अलर्ट, इमरजेंसी में पांच बेड आरक्षित; आइसोलेशन वार्ड भी तैयार
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट 

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में दिपावली पर पटाखों और आतिशबाजी से होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विशेष तैयारियां की हैं।

झुलसने और पटाखों से घायल होकर आने वाले मरीजों के तत्काल उपचार के लिए इमरजेंसी में पांच बेड आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड भी सुरक्षित रखा गया है।

इमरजेंसी प्रभारी डॉ. अमित आनंद ने बताया कि पटाखों से झुलसे मरीजों को प्राथमिक उपचार देने के लिए सिल्वर सल्फाडायजीन और लिग्नोकेन जेली की 150 से अधिक ट्यूब उपलब्ध कराई गई हैं।

इससे उपचार के दौरान दवाओं की कमी नहीं होगी। मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद जरूरत के अनुसार आगे की चिकित्सा सुविधा दी जाएगी।

मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. जेबी गोगोई ने बताया कि इमरजेंसी में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक शिफ्ट में आठ से नौ चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम तैनात रहेगी।

इसमें सीनियर और जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर भी शामिल होंगे। गंभीर मरीजों के बेहतर उपचार के लिए सभी विभागाध्यक्षों को ऑन कॉल उपलब्ध रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने इमरजेंसी स्टाफ को अलर्ट रहने को कहा है।