9% तक बढ़ा महंगाई भत्ता, इन सरकारी कर्मचारियों को मिला बड़ा लाभ
झारखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, तमिलनाडु और अरुणाचल प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। जानिए किस राज्य में कितना बढ़ा डीए और किसे मिलेगा फायदा।
नई दिल्ली /जनमत न्यूज़:- केंद्रीय कर्मचारियों को साल की दूसरी छमाही के महंगाई भत्ते (DA) के ऐलान का इंतजार है। माना जा रहा है कि केंद्र सरकार सितंबर या अक्टूबर 2026 में नए डीए की घोषणा कर सकती है। इसी बीच कई राज्य सरकारों ने अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को राहत देते हुए महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। अब झारखंड सरकार ने भी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है।
झारखंड में डीए में बड़ी बढ़ोतरी
झारखंड कैबिनेट ने सातवें वेतनमान के तहत सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों का महंगाई भत्ता 58 फीसदी से बढ़ाकर 60 फीसदी कर दिया है। वहीं, छठे वेतनमान के कर्मचारियों का डीए 257 फीसदी से बढ़ाकर 262 फीसदी कर दिया गया है, यानी इसमें 5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
इसके अलावा पांचवें वेतनमान के तहत आने वाले कर्मचारियों का डीए 474 फीसदी से बढ़ाकर 483 फीसदी कर दिया गया है। इस तरह इस श्रेणी के कर्मचारियों को 9 फीसदी तक की बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा। सरकार के इस फैसले से राज्य के हजारों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को फायदा होगा।
इन राज्यों ने भी बढ़ाया डीए
अरुणाचल प्रदेश
6 मई 2026 को अरुणाचल प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए डीए और डीआर में 2 फीसदी की बढ़ोतरी का ऐलान किया। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से लागू मानी जाएगी। इसके बाद कर्मचारियों का डीए 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी हो गया है। इस फैसले से करीब 69 हजार से अधिक कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।
तमिलनाडु
तमिलनाडु सरकार ने 14 मई 2026 को राज्य कर्मचारियों, शिक्षकों और पेंशनभोगियों के लिए डीए में 2 फीसदी की वृद्धि की घोषणा की। अब डीए बढ़कर मूल वेतन का 60 फीसदी हो गया है। इस फैसले से करीब 16 लाख कर्मचारी और पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे। सरकार पर इससे करीब 1,230 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा।
बिहार
बिहार सरकार ने भी छठे वेतन आयोग के तहत आने वाले कर्मचारियों और पेंशनरों के डीए और डीआर में 5 फीसदी की बढ़ोतरी की घोषणा की है। इसके तहत डीए 257 फीसदी से बढ़ाकर 262 फीसदी किया गया है। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी।
उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र
उत्तर प्रदेश सरकार ने भी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते को 58 फीसदी से बढ़ाकर 60 फीसदी कर दिया है। इसका लाभ करीब 8 लाख राज्य कर्मचारियों और 4 लाख पेंशनरों को मिलेगा। वहीं महाराष्ट्र सरकार ने भी डीए बढ़ोतरी का ऐलान कर कर्मचारियों को राहत दी है।
डीए में बढ़ोतरी से कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के वेतन और पेंशन में सीधा इजाफा होगा, जिससे महंगाई के दौर में उन्हें आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

Janmat News 
