मुजफ्फरनगर: ऑपरेशन सवेरा के तहत बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में गांजा तस्कर घायल; 20 किलो गांजा, तमंचा-कारतूस बरामद

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा—नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत थाना तितावी पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम को बड़ी कार्रवाई में सफलता मिली है।

मुजफ्फरनगर: ऑपरेशन सवेरा के तहत बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में गांजा तस्कर घायल; 20 किलो गांजा, तमंचा-कारतूस बरामद
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरानशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओरअभियान के तहत थाना तितावी पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम को बड़ी कार्रवाई में सफलता मिली है।

पुलिस के अनुसार, संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक कथित गांजा तस्कर को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 20.575 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है, के साथ एक मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई 20/21 सितंबर 2026 की देर रात मुकुंदपुर-शाहपुर मार्ग पर नहर पटरी, हैदर नगर बिजलीघर के पास की गई। थाना तितावी पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आता हुआ दिखाई दिया।

पुलिस का कहना है कि टीम ने मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने रुकने के बजाय मोटरसाइकिल को लखान की ओर मोड़कर भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर तेज गति के कारण मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर बाइक को मौके पर छोड़कर जंगल की ओर भागने लगा।

पुलिस के अनुसार, पीछा किए जाने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस का दावा है कि आरोपी द्वारा की गई फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।

इसके बाद पुलिस टीम ने उसे फायरिंग बंद कर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए फायरिंग जारी रखी।

इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी नितिन पुत्र सोनवीर घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

20 किलो से अधिक गांजा बरामद

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से कुल 20.575 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई है।

इसके अलावा घटना में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर यूपी 12 एएस 432 भी बरामद की गई है। हथियारों की बरामदगी में एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस 315 बोर शामिल है।

गांजे की सप्लाई करने जा रहा था आरोपी

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में घायल आरोपी नितिन ने बताया कि वह अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करता है। कथित तौर पर वह कम कीमत पर गांजा खरीदकर अलग-अलग स्थानों पर अधिक कीमत में सप्लाई करता था और इससे अवैध आर्थिक लाभ कमाता था।

पुलिस के मुताबिक घटना के समय भी आरोपी गांजे की सप्लाई करने के लिए जा रहा था, इसी दौरान चेकिंग के दौरान पुलिस टीम के सामने आ गया। पुलिस अब आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

कई मुकदमों में नाम सामने आया

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नितिन का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर और बागपत जनपद के अलग-अलग थानों में शस्त्र अधिनियम, हत्या के प्रयास, आबकारी अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2019 से 2023 के बीच कई मामले दर्ज हुए, जिनमें थाना शाहपुर, भौराकलां और रमाला के मामले शामिल हैं।

इनमें शस्त्र अधिनियम, हत्या के प्रयास, आबकारी अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट तथा धोखाधड़ी से संबंधित धाराएं शामिल हैं। वर्तमान कार्रवाई में थाना तितावी में मु0अ0सं0 217/26, धारा 109(1) बीएनएस, 3/25/27 शस्त्र अधिनियम तथा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई

इस कार्रवाई में थाना तितावी पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम शामिल रही। कार्रवाई थाना तितावी के थानाध्यक्ष जयवीर सिंह तथा एसओजी देहात प्रभारी उपनिरीक्षक मोहित चौधरी के नेतृत्व में की गई।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में टीम ने देर रात चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया और पीछा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।