यूपी पुलिस में 60,244 सिपाहियों को 15 जून को मिलेगा नियुक्ति पत्र, अमित शाह करेंगे वितरण
उत्तर प्रदेश पुलिस की सिपाही भर्ती में सफल 60,244 अभ्यर्थियों को आगामी 15 जून को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस की सिपाही भर्ती में सफल 60,244 अभ्यर्थियों को आगामी 15 जून को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। डीजीपी मुख्यालय के अनुसार, यह कार्यक्रम लखनऊ के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में आयोजित होगा, जहां केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नवनियुक्त पुलिस कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
भर्ती प्रक्रिया के तहत 60,244 पदों पर सीधी नियुक्ति की गई है, जिनमें 12,048 महिला उम्मीदवारों का चयन हुआ है। परीक्षा का आयोजन प्रदेशभर के 67 जिलों में 1174 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। सरकार के अनुसार, बीते 8 वर्षों में राज्य में 8.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।
डीजीपी कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि शीर्ष 50 रैंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को गृहमंत्री अमित शाह के हाथों नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। कार्यक्रम में केवल चयनित अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह दोपहर 12:05 बजे लखनऊ पहुंचेंगे और 12:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहेंगे। इसके बाद वे एक घंटे तक कार्यक्रम में भाग लेंगे और फिर दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
इस दौरान 55,000 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। नए कांस्टेबलों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है। कार्यक्रम की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कर रहे हैं। लखनऊ के पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सेंगर ने गुरुवार को स्थल पर जाकर तैयारियों की समीक्षा की।
उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने कुल 60,244 कांस्टेबलों की भर्ती प्रक्रिया पूरी की, जिसमें 12,048 महिलाएं शामिल हैं। इन पदों के लिए 48 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। पिछली निदेशक रेणुका मिश्रा के कार्यकाल में पेपर लीक की घटना के बाद उन्हें हटाया गया और फिर निदेशक राजीव कृष्ण की निगरानी में अगस्त 2024 में नई परीक्षा कराई गई। राज्य सरकार ने फरवरी 2024 में पहले की परीक्षा रद्द कर छह माह में दोबारा परीक्षा कराने का आदेश दिया था।