अमेठी में पुलिस मुठभेड़ के बाद शातिर चोर गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक श्रीमती अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अमेठी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
अमेठी/जनमत न्यूज। जिले की पुलिस अधीक्षक श्रीमती अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अमेठी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना अमेठी पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोर को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, बीते 28 सितम्बर को क्षेत्राधिकारी अमेठी मनोज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक अमेठी रवि कुमार सिंह, स्वाट प्रभारी उप निरीक्षक अनूप कुमार सिंह तथा सर्विलांस प्रभारी उप निरीक्षक दयाशंकर मिश्र टीम सहित चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान नौगिरवा चौराहे पर एक संदिग्ध युवक काली मोटरसाइकिल से पुलिस को चकमा देकर मुंशीगंज की ओर भागा।
पुलिस टीम ने नहर पटरी पर घेराबंदी की तो आरोपी ने बाइक फिसलने के बाद पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत गोली चलाई, जिससे आरोपी घायल होकर गिर पड़ा।
घायल आरोपी की पहचान अरुण निवासी बानथान थाना मुंशीगंज के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस (315 बोर), एक ओप्पो ए-78 मोबाइल फोन, 1,400 रुपये नकद तथा काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अमेठी और मुंशीगंज क्षेत्र में कई चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की। बरामद मोबाइल फोन के बारे में उसने बताया कि गौरीगंज में हुई एक मारपीट की घटना के दौरान यह फोन गिरा था, जिसे उसने उठा लिया था। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना अमेठी, मुंशीगंज और गौरीगंज में चोरी व नकबजनी से जुड़े कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। फिलहाल थाना अमेठी पुलिस आवश्यक विधिक कार्यवाही कर रही है।

Janmat News 
