औरैया: सड़क हादसे में छात्र की मौत, एंबुलेंस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल; लापरवाही का आरोप
उप्र के औरैया जनपद के दिबियापुर थाना क्षेत्र के रुरुआ गांव के सामने हुए सड़क हादसे में बाइक सवार Msc के 24 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक घायल हो गया।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के दिबियापुर थाना क्षेत्र के रुरुआ गांव के सामने हुए सड़क हादसे में बाइक सवार Msc के 24 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक घायल हो गया।
हादसे के बाद एंबुलेंस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। मृतक के परिजनों ने एंबुलेंस चालक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि एंबुलेंस चालक एक घायल युवक को लेकर चला गया, जबकि गंभीर रूप से घायल अभय राज को सड़क पर ही छोड़ दिया। वह काफी देर तक सड़क पर तड़पता रहा। बाद में परिजन अपनी कार से उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ककोर निवासी अभय राज (24) पुत्र पंकज झींझक स्थित एक स्कूल में एमएससी की पढ़ाई कर रहा था। वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान दिबियापुर थाना क्षेत्र के रुरुआ गांव के सामने हादसा हो गया। दुर्घटना में अभय गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक पर उसके साथ दयालपुर निवासी विशाल भी मौजूद था।
हादसे में विशाल का हाथ टूट गया। परिजनों का आरोप है कि मौके पर पहुंची एंबुलेंस एक घायल को लेकर चली गई, लेकिन गंभीर हालत में पड़े अभय को अस्पताल नहीं पहुंचाया। वह सड़क पर ही तड़पता रहा।
इसके बाद परिजन उसे अपनी कार से मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एंबुलेंस चालक की भूमिका को लेकर परिजनों में नाराजगी है। अभय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पिता पंकज, मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में एक छोटा भाई और एक बहन भी हैं। एमएससी की पढ़ाई कर रहे अभय से परिवार को काफी उम्मीदें थीं। उसकी असमय मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।



