बलरामपुर: किराए के कमरे में युवक का शव मिलने से सनसनी, पिकअप चालक ने फंदा लगाकर दी जान

उप्र के बलरामपुर जनपद के सादुल्ला नगर थाना क्षेत्र से रविवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।

बलरामपुर: किराए के कमरे में युवक का शव मिलने से सनसनी, पिकअप चालक ने फंदा लगाकर दी जान
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के सादुल्ला नगर थाना क्षेत्र से रविवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।

एक 21 वर्षीय युवक अपने किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार सादुल्ला नगर थाना क्षेत्र के ग्राम ऐदहा निवासी बृजेश कुमार विश्वकर्मा (21) पुत्र सालिक राम विश्वकर्मा कस्बे में मोहम्मद शरीफ के मकान में किराए के कमरे में रहता था। वह पिकअप वाहन चलाकर सब्जी ढुलाई का काम करता था और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

बताया जा रहा है कि रविवार सुबह वह रोज की तरह सब्जी लोड करने के लिए अयोध्या जिले के बीकापुर गया था। दिनभर काम करने के बाद वह शाम को सब्जी लेकर वापस सादुल्ला नगर लौटा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसने अपना पिकअप वाहन कमरे के पास खड़ा किया और अंदर चला गया। इसके बाद वह बाहर नहीं निकला।

शाम से लेकर देर रात तक कमरे का दरवाजा बंद रहा, लेकिन किसी को इस बात का अंदेशा नहीं हुआ कि अंदर कोई अनहोनी हो चुकी है।इसी बीच होली के त्योहार के कारण उसकी पत्नी सोनम अपने मायके गई हुई थी।

रात में उसने अपने पति को कई बार फोन किया, लेकिन हर बार फोन बजता रहा और कॉल रिसीव नहीं हुई। लगातार कॉल न उठने पर सोनम को किसी अनहोनी की आशंका हुई। उसने सादुल्ला नगर में रहने वाले एक पड़ोसी को फोन कर कमरे की स्थिति देखने के लिए कहा।

पड़ोसी जब मकान के पीछे की ओर पहुंचा और कमरे के अंदर झांककर देखा तो वह सन्न रह गया। अंदर बृजेश फंदे से लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए।

जैसे ही यह खबर आसपास के लोगों तक पहुंची, मौके पर हड़कंप मच गया और देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सादुल्ला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतरवाया और कमरे की जांच की।

फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।