मुजफ्फरनगर पुलिस का दमदार एक्शन, लूट की वारदात का 36 घंटे में खुलासा; मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना नई मंडी क्षेत्र में महिला से कुंडल छीनने की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने 36 घंटे के भीतर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना नई मंडी क्षेत्र में महिला से कुंडल छीनने की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने 36 घंटे के भीतर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया।
जवाबी कार्रवाई में दोनों पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीने गए कुंडल, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
नई मंडी क्षेत्राधिकार सुनील कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते दिन थाना नई मंडी क्षेत्र में एक महिला से कान के कुंडल छीनने की घटना हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने घटना के अनावरण के लिए SOG और थाना नई मंडी पुलिस की चार टीमों का गठन किया था।
देर रात पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी अपने साथी के साथ NH-58 के पास फिर किसी घटना की फिराक में घूम रहा है।
सूचना पर SOG और नई मंडी पुलिस ने राठेड़ी कट के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार संदिग्धों को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दोनों पैर में गोली लग गई जिससे वह वहीं गिर पड़ा घायल बदमाश की पहचान राजकुमार बावरिया निवासी झिंझाना, जनपद शामली के रूप में हुई है।
उसके कब्जे से एक 315 बोर तमंचा, जिंदा व खोका कारतूस और महिला से लूटे गए दोनों कान के कुंडल बरामद हुए हैं। आरोपी पर पूर्व में लूट और छिनैती के चार से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
बताते चलें कि मुठभेड़ के दौरान उसका दूसरा साथी संजय बावरिया निवासी झिंझाना, शामली अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस टीमों द्वारा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार कॉम्बिंग की जा रही है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


