नमाज से लौट रहे युवक की चाकू से हत्या, पुराने विवाद में वारदात से इलाके में सनसनी

आरोपी शाहबाज ने पास में लगी मोमोज की ढकेल पर रखा चाकू उठा लिया और मुशाहिद की गर्दन पर हमला कर दिया। चाकू के गहरे वार से मुशाहिद गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही लहूलुहान हो गया।

नमाज से लौट रहे युवक की चाकू से हत्या, पुराने विवाद में वारदात से इलाके में सनसनी
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट —

अलीगढ़/जनमत न्यूज। Aligarh के थाना क्वार्सी क्षेत्र में सोमवार देर शाम नमाज पढ़कर घर लौट रहे एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घायल युवक को परिजन आनन-फानन में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार थाना क्वार्सी क्षेत्र के निशांत बाग इलाके के मोहल्ला बाराखंबा निवासी 18 वर्षीय युवक मुशाहिद की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मुशाहिद महाराष्ट्र के मुंबई शहर में अपने बड़े भाई के साथ बिजली फिटिंग का काम करता था और ईद मनाने के लिए रविवार को अपने घर अलीगढ़ आया था।

परिजनों के अनुसार सोमवार को मुशाहिद अपने दो साथियों अनस और अमन के साथ निशांत बाग कॉलोनी स्थित मस्जिद में नमाज पढ़ने गया था। नमाज अदा करने के बाद जब तीनों युवक घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में कॉलोनी निवासी शाहबाज और उसका साथी भूरा खड़े मिले। इस दौरान करीब एक महीने पहले हुए थप्पड़ कांड को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी शाहबाज ने पास में लगी मोमोज की ढकेल पर रखा चाकू उठा लिया और मुशाहिद की गर्दन पर हमला कर दिया। चाकू के गहरे वार से मुशाहिद गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही लहूलुहान हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तुरंत जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना पर पुलिस और क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन तृतीय सर्वम सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मामले को लेकर नगर पुलिस अधीक्षक Mrigaank Shekhar Pathak ने बताया कि देर शाम जेएनएमसी से पुलिस को सूचना मिली थी कि मुसाहिद नामक युवक को चाकू लगा है और उसका इलाज चल रहा है। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

उन्होंने बताया कि परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि मुसाहिद का अपने पुराने परिचित शाहबाज और उसके साथी भूरा के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद शाहबाज ने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और थाना क्वार्सी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है।