चंदौली: गेस्टहाउस कर्मचारी की पिटाई, बाइक हटाने पर दूसरे गेस्टहाउस मालिक ने पीटा; मामला पहुंचा कोतवाली
उप्र के चंदौली जनपद के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर मुगलसराय में एक गेस्टहाउस कर्मचारी की पिटाई का मामला सामने आया है।
चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चंदौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चंदौली जनपद के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर मुगलसराय में एक गेस्टहाउस कर्मचारी की पिटाई का मामला सामने आया है।
शनिवार को रेलवे स्टेशन गेट संख्या 1 स्थित काली मंदिर के पीछे यह तब घटना हुई, जब एक गेस्टहाउस के सामने से बाइक हटाने को लेकर दूसरे गेस्टहाउस के मालिक ने कर्मचारी को लात-घूसों से पीटा। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके बाद मामला कोतवाली पहुंचा।
बताया जाता है कि काली मंदिर के पीछे स्थित सनराइज गेस्टहाउस के सामने बीच रास्ते में एक बाइक खड़ी थी। सनराइज गेस्टहाउस के कर्मचारी सोनू कुमार ने इस बाइक को किनारे हटा दिया। यह बात बगल के अग्रवाल गेस्टहाउस के मालिकों को नागवार गुजरी।
सोनू कुमार का आरोप है कि बाइक बीच रास्ते में खड़ी होने के कारण आने-जाने में दिक्कत हो रही थी, इसलिए उसने उसे हटाया था। इसके बाद अग्रवाल गेस्टहाउस के मालिक राजू अग्रवाल और मनोज अग्रवाल ने आकर उसे लात-घूसों से पीटा। सोनू ने बताया कि पिटाई के दौरान जब दोनों भाइयों की नजर कैमरे पर पड़ी, तो वे वहां से हट गए और उसे पिस्तौल दिखाकर धमकाया।
पीड़ित सोनू कुमार, जो कैथापुर निवासी है, ने मुगलसराय कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Janmat News 
