कानपुर देहात से अखिलेश त्रिवेदी की रिपोर्ट —
कानपुर देहात/जनमत न्यूज। जनपद Kanpur Dehat में जिला बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव Bar Council of Uttar Pradesh के दिशा-निर्देशों के तहत शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया। चुनाव में कुल 107 मतदाताओं में से 95 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में दो मत अवैध घोषित किए गए, जबकि 91 मत प्राप्त कर जितेन्द्र प्रताप सिंह चौहान विजयी घोषित हुए। उनके प्रतिद्वंदी बलराम सिंह को मात्र दो मत प्राप्त हुए।
वहीं महामंत्री पद के चुनाव में छह मत अवैध पाए गए। इस पद पर नरेन्द्र सिंह सेंगर को 72 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंदी दुर्गेश चन्द्र को 17 मत मिले। इस प्रकार नरेन्द्र सिंह सेंगर को महामंत्री पद के लिए विजयी घोषित किया गया।
निर्वतमान अध्यक्ष मुलायम सिंह ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई गई। परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया और सभी ने उन्हें बधाई दी।
चुनाव में कई पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर प्रभा कुमारी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सुभाष चन्द्र यादव, कोषाध्यक्ष पद पर श्रीकांत राठौर, मंत्री पद पर क्षमता सिंह सेंगर और जय गोपाल निर्विरोध चुने गए। इसी प्रकार संयुक्त मंत्री प्रकाशन पद पर अवधेश कुमार तथा संयुक्त मंत्री पुस्तकालय पद पर शशिविंदु को निर्विरोध विजयी घोषित किया गया।
इसके अलावा वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य के रूप में रहीस अहमद, राहुल कुमार, गोपी सिंह, चन्द्रलता, संतोष सिंह और जगन्नाथ प्रसाद का चयन हुआ, जबकि कनिष्ठ सदस्य पद पर श्याम कुमार, अजीत सिंह, प्रमोद कुमार, अनुज प्रताप सिंह, श्याम सुंदर और संजय सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए।
चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में निर्वाचन समिति के अध्यक्ष सम्पत लाल यादव और प्रभारी रमेश चन्द्र सिंह गौर के साथ सहायक सदस्यों विश्वनाथ सिंह, रवि वर्मा, विकास मिश्रा, जय गोविंद यादव, रणवीर सिंह यादव, हिमांशु गुप्ता और जितेन्द्र बाबू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।