रामपुर में ओलावृष्टि से बर्बाद फसलों का जल्द मिलेगा मुआवजा, डीएम ने किसानों को दिया भरोसा

उप्र के रामपुर जनपद की तहसील बिलासपुर क्षेत्र में बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों और मकानों को हुए नुकसान के बाद जिला प्रशासन ने राहत और मुआवजे की कार्रवाई तेज कर दी है। 

रामपुर में ओलावृष्टि से बर्बाद फसलों का जल्द मिलेगा मुआवजा, डीएम ने किसानों को दिया भरोसा
Published By- Diwaker Mishra

रामपुर से अभिषेक शर्मा की रिपोर्ट  

रामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के रामपुर जनपद की तहसील बिलासपुर क्षेत्र में बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों और मकानों को हुए नुकसान के बाद जिला प्रशासन ने राहत और मुआवजे की कार्रवाई तेज कर दी है।  जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने प्रदेश सरकार में मंत्री बलदेव सिंह औलख के साथ प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान ग्राम फूलसूंगी, फूलसूंगा, बिजली फार्म, विवर सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर फसल क्षति और मकानों को हुए नुकसान का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान जन चौपाल आयोजित कर किसानों से संवाद किया गया और उनकी समस्याओं को सुना गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि अब तक करीब 70 प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया जा चुका है। ओलावृष्टि के कारण लगभग 800 हेक्टेयर कृषि भूमि पर खड़ी फसलें प्रभावित हुई हैं, जबकि चार मकानों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है।

डीएम ने किसानों को आश्वस्त किया कि नुकसान का आकलन कर मुआवजे की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। प्रभावित किसानों और मकान मालिकों को शासनादेश में निर्धारित मानकों के अनुसार नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि नुकसान से संबंधित विवरण पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही एक सप्ताह के भीतर मुआवजे की राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन किसानों ने फसल बीमा करा रखा है, उन्हें बीमा योजना के तहत अलग से सहायता मिल सकेगी। प्रशासन की ओर से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के बाद किसानों को अब मुआवजे का इंतजार है।